शिवपुरी। शहर में भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर में एक भव्य रैली (शोभायात्रा) निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस भव्य आयोजन में केवल शिवपुरी ही नहीं, बल्कि ग्वालियर, गुना, मुरैना और दतिया समेत आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे।
शोभायात्रा में सजा आकर्षक राम दरबार
रैली के दौरान भगवान श्री राम का भव्य दरबार भी सजाया गया था, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। आयोजकों ने बताया कि इस राम दरबार की झांकी के माध्यम से यह दर्शाने का प्रयास किया गया कि महर्षि वाल्मीकि जी ने ही दुनिया को भगवान श्री राम के स्वरूप और उनके आदर्शों से परिचित कराया था। इस आयोजन के जरिए सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सर्वधर्म समभाव का संदेश भी दिया गया।
पार्षदों और पत्रकारों का हुआ सम्मान
इस पावन अवसर पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। आयोजन समिति द्वारा रैली में करतब दिखाने वाले अखाड़े के सदस्यों, शहर के वार्ड पार्षदों और वहां उपस्थित पत्रकार बंधुओं का शॉल-श्रीफल भेंटकर विशेष रूप से सम्मान किया गया।
जन्म से पूर्व ही लिख दी थी श्री राम की लीलाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्याम लाला जी ने महर्षि वाल्मीकि जी की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की दूरदृष्टि और ज्ञान इतना अद्भुत था कि उन्होंने भगवान श्री राम के अवतार लेने से पहले ही रामायण में उनकी सभी लीलाओं का वर्णन कर दिया था। पूरा आयोजन शांति, उत्साह और भक्ति-भाव के साथ संपन्न हुआ।
इस उत्सव मे नंदराम लाहौरी,सुनील कौड़े,बल्लू, चौधरी संतोष कौड़े,अजय धौलपुरिया,विनय धौलपुरिया, सुनील खरे,मनोज लाहौरी, वार्ड पार्षद अरविंद ठाकुर, वायसराय धाकड़, ललित श्रीवास, अशोक खन्ना की मुख्य भूमिका रही। भगवान महर्षि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा को शिवपुरी के गेचर परिवार की ओर से स्वागत किा गया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।