शिवपुरी। सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम ठेह में शनिवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपती के घर में चार लोग घुस आए। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पहले 65 वर्षीय बुजुर्ग से गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग के बाएं हाथ में चोट लग गई। पति को बचाने पहुंची उसकी पत्नी पर भी चाकू से वार किए जाने का आरोप है। घटना 19 सितंबर 2026 की रात करीब 3 बजे ग्राम ठेह में घनश्याम वाल्मीकि की टपरिया में हुई। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सो रहे थे पति-पत्नी, अचानक शुरू हो गया विवाद
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में ग्राम ठेह निवासी घनश्याम वाल्मीकि उम्र 65 साल ने बताया कि वह अपनी पत्नी लीला वाल्मीकि के साथ घर की टपरिया में सो रहा था। रात करीब 3 बजे कालू वाल्मीकि, राजकुमार वाल्मीकि निवासी मकरारा और दो अन्य लोग, जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे, वहां पहुंचे। फरियादी के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। घनश्याम ने जब गाली देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया।
पेट में मुक्का मारा, फिर चाकू से हमला
रिपोर्ट के मुताबिक गाली-गलौज का विरोध करने पर कालू वाल्मीकि ने घनश्याम के पेट में मुक्का मारा। इसके बाद राजकुमार वाल्मीकि ने चाकू निकाल लिया। घनश्याम का आरोप है कि राजकुमार ने उसे जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किया, जो उसके बाएं हाथ में लगा। हमले में हाथ में चोट लगने के साथ खून निकल आया। हमले के दौरान घनश्याम के चीखने की आवाज सुनकर उसकी पत्नी लीला उसे बचाने के लिए पहुंची।
पति को बचाने आई पत्नी को भी नहीं छोड़ा
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार घनश्याम की पत्नी लीला के वहां पहुंचते ही दो नकाबपोश आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद राजकुमार वाल्मीकि द्वारा उसके चेहरे पर चाकू से वार करने का आरोप लगाया गया है। हमले में लीला के चेहरे पर चोट आई और खून निकल आया। घटना के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई।
बेटे, बेटी और दामाद के पहुंचते ही भागे आरोपी
घनश्याम के अनुसार जब उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया तो पास में सो रहे उसके बेटे विनोद वाल्मीकि, दामाद राहुल वाल्मीकि और बेटी कविता वाल्मीकि वहां पहुंच गए। परिवार के लोगों को आता देखकर चारों आरोपी मौके से भाग निकले। इसके बाद घायल दंपती को इलाज के लिए सतनवाड़ा अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट के अनुसार लीला को अस्पताल में उपचार के लिए छोड़कर घनश्याम थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घनश्याम की रिपोर्ट पर सतनवाड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 120/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 296(ए), 115(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में नामजद आरोपियों में कालू वाल्मीकि, राजकुमार वाल्मीकि निवासी मकरारा थाना तेंदुआ तथा दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस अब घटना के पीछे बताई जा रही पुरानी रंजिश, आरोपियों की पहचान और हमले में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।