शिवपुरी। सीवर प्रोजेक्ट में 111 करोड़ रुपए खर्च होने के बाद भी न सीवर लाइन पूरी तरह चालू हो पाई और न ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हुआ। अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर पांच अधिकारियों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज हो गया है, वहीं घरों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए मंजूर 57.68 करोड़ रुपए की डीपीआर भी फिलहाल अटक गई है।
यानी एक तरफ पुराने प्रोजेक्ट में करोड़ों खर्च होने के बाद भी नतीजा अधूरा है, दूसरी तरफ नए 57.68 करोड़ रुपए खर्च करने से पहले ही सरकार ने दोबारा जांच बैठा दी है। सवाल यही है कि 13 साल पुराने सीवर प्रोजेक्ट की उलझन आखिर कब सुलझेगी और शिवपुरी की झीलों में पहुंच रही गंदगी कब रुकेगी?
पांच अधिकारियों पर वन अपराध दर्ज
हाईकोर्ट में चल रहे मामले के बाद माधव टाइगर रिजर्व से जुड़े मामले में पांच अधिकारियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है। इनमें पीएचई शिवपुरी के कार्यपालन यंत्री शुभम अग्रवाल, तत्कालीन कार्यपालन यंत्री एसएल बाथम और बीके छारी, नगर पालिका शिवपुरी के वर्तमान सीएमओ यशवंत राठौर तथा तत्कालीन सीएमओ इशांक धाकड़ शामिल हैं। मामले की जांच माधव टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर हरिओम कर रहे हैं।
57.68 करोड़ की डीपीआर पर क्यों लगा ब्रेक
शिवपुरी की झीलों के संरक्षण के लिए करीब 13 साल पहले 67 करोड़ रुपए का सीवर प्रोजेक्ट मंजूर किया गया था। इस मूल प्रोजेक्ट में घरों से सीवर लाइन तक कनेक्शन का काम शामिल नहीं था। इसी कमी को पूरा करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 29 जनवरी 2026 को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक में 57.68 करोड़ रुपए की डीपीआर मंजूर की थी। लेकिन अब हाईकोर्ट में चल रहे मामले और मौजूदा सीवर व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इस डीपीआर की दोबारा समीक्षा की जा रही है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिस काम पर पैसा खर्च किया जाना है, वह मौजूदा व्यवस्था के साथ वास्तव में उपयोगी भी हो।
ट्रंक लाइन ही चोक है तो नए कनेक्शन का क्या फायदा?
सबसे बड़ा तकनीकी सवाल पीएचई की ट्रंक लाइन को लेकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीएचई की ट्रंक लाइन चोक है। ऐसे में यदि नगर पालिका घरों को सीवर लाइन से जोड़ने का काम शुरू कर देती है तो सीवेज आगे जाने के बजाय व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है और करोड़ों रुपए का खर्च बेअसर होने की आशंका है। सी कारण नई डीपीआर को दोबारा जांच के दायरे में लाया गया है।
15 दिन में तैयार होगी संशोधित डीपीआर
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने 22 सितंबर को छह सदस्यीय समिति गठित करने के आदेश जारी किए हैं। समिति में नगर पालिका परिषद शिवपुरी के कार्यपालन यंत्री राकेश तिवारी, संभागीय कार्यपालन यंत्री अभिषेक भदौरिया, पीडीएमसी सेंट्रल जोन के टीम लीडर राहुल तत्त्ववादी, सलाहकार दीप अग्रवाल, स्टेट मिशन मैनेजमेंट यूनिट के सीवरेज विशेषज्ञ राजा कुंथ जैन और डीपीएमसी सलाहकार के अधिकृत प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। समिति को 15 दिन में संशोधित डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
झीलों में गंदगी रोकने के लिए नए विकल्प भी तलाशे जाएंगे
अब समिति सिर्फ सीवर कनेक्शन का सर्वे नहीं करेगी, बल्कि शिवपुरी शहर में सीवेज के निस्तारण के दूसरे विकल्पों पर भी विचार करेगी। करबला आदि क्षेत्रों में स्टॉप डेम या पंपिंग स्टेशन बनाने जैसे विकल्पों की संभावना भी देखी जाएगी। यानी 57.68 करोड़ रुपए की मौजूदा डीपीआर को सीधे लागू करने के बजाय पहले यह देखा जाएगा कि शहर में वर्तमान सीवर व्यवस्था कहां खड़ी है, ट्रंक लाइन की स्थिति क्या है और झीलों में गंदगी पहुंचने से रोकने के लिए कौन-सा समाधान व्यावहारिक रहेगा।
13 साल बाद भी सीवर प्रोजेक्ट अधूरा
शिवपुरी का सीवर प्रोजेक्ट करीब 13 साल पहले झील संरक्षण के उद्देश्य से शुरू हुआ था। अब तक इस पर 111 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं, लेकिन सीवर लाइन और ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति सवालों के घेरे में है। ऐसे में पुराने 111 करोड़ के खर्च, पांच अधिकारियों पर दर्ज वन अपराध और नए 57.68 करोड़ की डीपीआर की दोबारा जांच—तीनों घटनाक्रम एक ही सवाल की ओर इशारा करते हैं कि शिवपुरी का सीवर प्रोजेक्ट आखिर कब जमीन पर पूरी तरह उतर पाएगा।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।