शिवपुरी। मेडिकल कॉलेज के सामने मंगलवार सुबह जेसीबी की गड़गड़ाहट के साथ वर्षों से जमी अतिक्रमण की तस्वीर बदल गई। जिला प्रशासन ने करीब 1 अरब रुपए (100 करोड़ रुपए) की अनुमानित बाजार कीमत वाली सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। करीब 12 बीघा जमीन पर टीन शेड डालकर बनाई गई 34 दुकानों और स्टॉलों को जेसीबी से ढहा दिया गया। इसके साथ ही दुकानों के सामने बनाए गए अवैध चबूतरे और अन्य निर्माण भी हटा दिए गए।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस का भारी अमला मौके पर तैनात रहा। विरोध और हंगामा करने वाले दो महिलाओं सहित छह लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकानें संचालित करने के साथ इन्हें किराए पर भी दिया जा रहा था।
6.397 हेक्टेयर जमीन में से कब्जे वाला हिस्सा खाली कराया
तहसील शिवपुरी के ग्राम नोहरीखुर्द स्थित सर्वे नंबर 256 की कुल 6.3970 हेक्टेयर जमीन राजस्व रिकॉर्ड में शासकीय दर्ज है। इसमें से 4.3000 हेक्टेयर जमीन चिकित्सा महाविद्यालय के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित की जा चुकी है। शेष सरकारी जमीन पर लंबे समय से दुकानें और स्टॉल संचालित किए जा रहे थे।
प्रशासन के अनुसार यहां अतिक्रमण कर बनाए गए दुकानों और स्टॉलों से करीब 2 से 3 लाख रुपए प्रतिमाह तक किराया वसूले जाने की जानकारी सामने आई थी। यानी सरकारी जमीन पर कब्जे के साथ उससे निजी तौर पर कमाई किए जाने का भी आरोप है।
एक साल में कई नोटिस, फिर बेदखली की कार्रवाई
अतिक्रमण को लेकर राजस्व विभाग ने पिछले एक साल में कई बार नोटिस जारी किए। हल्का पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर सात दिन का नोटिस दिया गया था। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर अर्थदंड लगाया गया और विधिवत बेदखली आदेश पारित किया गया।
इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 8 बजे प्रशासन की टीम ने पुलिस बल और नगर पालिका अमले के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। देखते ही देखते जेसीबी ने टीन शेड से बनी दुकानों को धराशायी कर दिया।
दुकानों से लेकर चबूतरों तक सब हटाए
कार्रवाई में 34 दुकानों के अलावा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाहरी हिस्से में दुकानों के सामने बनाए गए अवैध चबूतरे और अन्य अस्थायी निर्माण भी हटाए गए। प्रशासन को इस स्थान पर रात के समय कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें भी मिली थीं।
प्रशासन ने कहा- सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं चलेगा
कार्रवाई के दौरान एसडीएम आनंद सिंह राजावत, तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा सहित राजस्व अमला मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न थानों का बल तैनात किया गया था। नगर पालिका की टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई कार्रवाई
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम श्री आनंद सिंह राजावत, तहसीलदार शिवपुरी श्री सिद्धार्थ भूषण शर्मा सहित राजस्व विभाग का अमला तैनात रहा। पुलिस विभाग से सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी एसडीओपी शिवपुरी श्री सचिन धुर्वे, एसडीओपी कोलारस श्री संजय मिश्रा, एसडीओपी करैरा श्री विनायक शुक्ला, थाना प्रभारी कोतवाली श्री रोहित दुबे, थाना प्रभारी देहात श्री विकास यादव, थाना प्रभारी फिजीकल श्री अविनाश सिंह राठौड़, थाना प्रभारी अजाक श्री रणजीत सिंह रघुवंशी, महिला थाना प्रभारी सोनम रघुवंशी एवं थाना प्रभारी बम्हारी श्री सुनील राजपूत सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इसके अलावा नगर पालिका सीएमओ श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर पालिका की टीम ने भी मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाई।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।