मोदी का जन्मदिन भाजयुमो ने सेवा दिवस के रूप में मनाया

शिवपुरी। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला इकाई शिवपुरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 67वें जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर न सिर्फ स्वच्छता अभियान चलाया, बल्कि मंगलम द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में पहुंचकर पहले वहां साफ सफाई की और फिर वहां मौजूद वृद्धजनों के बीच केक काटकर मोदी का जन्मदिन मनाया। 

भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सोनू बिरथरे व नगर अध्यक्ष डेविड चौहान के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 67वां जन्मदिन युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वच्छता अभियान के तहत शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर झाडू लगाकर सफाई की और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को यह समझाइश दी कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकें। 

युवा मोर्चा का इस स्वच्छता अभियान को चलाने का मकसद यह था कि आम नागरिकों में यह भावना आ सके कि सार्वजनिक स्थलों पर हमें कूड़ा कचरा नहीं फेंकना चाहिए। इस कार्यक्रम के पश्चात युवा मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा अस्पताल चौराहा पर स्थित मंगलम द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में भी झाडू लगाकर सफाई की, तदोपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के हाथों से ही केक कटवाया गया। 

इसके बाद युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वृद्धजनों को फलों का वितरण किया व उनसे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु व उज्जवल भविष्य की कामना करने का आशीष लिया।

इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सोनू बिरथरे, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष डेविड चौहान, नगर मंत्री राजीव जैन बबलू, आईटी सेल प्रभारी कपिल मिश्रा, नगर मीडिया प्रभारी विजय शर्मा बिंदास, अतुल शुक्ला, विवेक तिवारी, गोलू व्यास, पंकज राठौर, धर्मेन्द्र सहित अनेक भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।