आधी रात के दरवाजे पर हुई दस्तक, दरवाजा खोला तो

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ग्राम दुलारा में गांव के ही रहने वाले दो युवक आधी रात को महिला के घर में घुस गए और उसके पति के बारे में पूछने लगे। जब महिला ने कहा कि उसका पति बाहर है तो दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए महिला की मारपीट कर दी और वहां से भाग गए। रामकली पत्नी सियाराम गिरी निवासी ग्राम दुलारा ने पुलिस को शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात करीब 2 बजे उसे दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई दी। जब उसने पूछा कि कौन है तो युवकों ने अपना नाम हजारी व रामसिंह धाकड़ बताया। गांव के होने के कारण महिला ने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही दोनों युवक उसके घर में घुस गए और उसके पति के बारे में पूछने लगे।

महिला ने बताया कि उनके पति सियाराम गिरी किसी काम से बाहर गए हुए हैं कल तल लौट आएंगे। महिला की यह बात सुनकर दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे जिस पर महिला ने गाली-गलौंज का कारण पूछा तो दोनों ने मिलकर महिला की मारपीट कर दी और वहां से भाग गए। सुबह के समय जब महिला का पति घर आया तो उसने अपने साथ घटित हुए घटनाक्रम के बारे में बताया जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।