धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, जिले में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

शिवपुरी। जिले में स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण एवं पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रदेश की खेल और युवा कल्याण, धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में जिला पुलिस परेड ग्राउण्ड शिवपुरी में सम्पन्न हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि यशोधरा राजे सिंधिया ने पुलिस परेड ग्राउण्ड पर प्रात: 9:00 बजे ध्वजारोहण किया। इसके तत्काल बाद राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा संयुक्त परेड का निरीक्षण कर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेशवासियों के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े।
    
समारोह के मुख्य अतिथि श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने पुलिस बल, आईटीव्हीपी, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड, वन विभाग, एन.सी.सी. सीनियर एवं जूनियर, एन.सी.सी. एयरविंग, स्काउट एवं गाइड, शौर्य दल की मिली-जुली टुकडिय़ों की आयोजित आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। संयुक्त मार्चपास्ट का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री अरविंद सिंह सिकरवार ने किया। मुख्य अतिथि ने प्रत्येक टुकड़ी का नेतृत्व कर रहे कमाण्डरो से परिचय भी प्राप्त किया। इस दौरान जिला कलेक्टर श्री तरूण राठी, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार पाण्डे साथ थे।

इस अवसर पर शहर की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा रंग-बिरंगी पोषाकों में देशभक्ति एवं बेटी बचाओ, पर्यावरण, नोटबंदी, स्वच्छ भारत मिशन, जीएसटी आदि पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। जिसकी अतिथियों सहित दर्शको द्वारा काफी सराहना की गई। शहर की शासकीय अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं के लगभग ढेड हजार बच्चों द्वारा सामूहिक व्यायाम का भी प्रर्दशन किया गया।  

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नागर का किया सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि राजे ने इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों को नमन करते हुए जिले के वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सैनानी प्रेम नारायण नागर का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहारों से सम्मान किया गया।