बच्चों को जेल की धमकी देने वाले शिवपुरी कलेक्टर गए

भोपाल। पिछले लम्बे समय से अजीबो गरीब हरकतों के लिए सुर्खियों में आने वाले शिवपुरी कलेक्टर राजीव दुबे को अंतत: शिवपुरी से वापस बुला लिया गया। उनके स्थान पर ओपी श्रीवास्तव को कलेक्टर बनाकर भेजा गया है। ओपी श्रीवास्तव इससे पहले उपसचिव मप्र शासन नगरीय विकास थे। इन्हें अपर सचिव मप्र शासन परिवहन विभाग तथा प्रबंध संचालक मप्र राज्य सड़क परिवहन निगम बनाया गया है। 

बता दें कि कलेक्टर राजीव दुबे के कार्यकाल में शिवपुरी की हालत बद से बदतर हो गई। श्री दुबे को शिवपुरी शहर की बर्बादी के लिए हमेशा याद किया जाएगा। पिछले कुछ दिनों से तो शिवपुरी कलेक्टर शहर की समस्याओं के सामने आने पर बौखलाने लगे थे। कुछ दिनों पहले ही स्कूल की समस्याएं लेकर पहुंचे छात्रों को उन्होंने जेल भेजने की धमकी दी थी। इससे पहले भी सड़क की समस्याएं लेकर पहुंचे स्टूडेंट्स को उन्होंने गिरफ्तार करवाने की धमकी दी थी। 

ओपी श्रीवास्तव के लिए शिवपुरी की कलेक्टर सीट किसी चुनौती से कम नहीं होगी। इस शहर को जिस हद तक बर्बाद किया जा सकता था, किया जा चुका है। अब यहां कुछ भी शेष नहीं रह गया है। शिवपुरी शहर को फिर से तैयार करना, किसी नए शहर को बसाने से भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगा।