घर में अकेली महिला से दुष्कर्म

शिवपुरी। इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम गिंदोरा में कल सुबह एक आरोपी ने घर में घुसकर एक अकेली महिला के साथ दुष्कर्म कर दिया। घटना के समय पीडि़ता का पति गांव के सरपंच के यहां मजदूरी करने गया था। पुलिस ने इस मामले में पीडि़ता की रिपोर्ट पर से आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दायर कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गिंदौरा में रहने वाली एक 30 वर्षीय महिला अपने घर में अकेली थी और घर का काम कर रही थी। उसी समय गांव का रहने वाला घूमन जाटव मौके का फायदा उठाकर घर में घुस आया और उसने महिला को जान से मारने की धमकी देकर डरा दिया, जिससे महिला डर गई। इसी का लाभ लेकर आरोपी युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

उसके बाद जब महिला का पति शाम को वापिस घर लौटा तो पीडि़ता ने उसको पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद दोनों पति-पत्नि थाने पहुंच गए, जहां उन्होने आरोपी की पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। लेकिन उस समय आरोपी गांव से फरार हो गया था और आज सुबह आरोपी बस से उतरकर घर पहुंच रहा था तभी पुलिस को आरोपी के गांव में होने की सूचना मिली और पुलिस ने उसे धर दबोचा।