मुआवजे के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं किसान

शिवपुरी। प्रदेश सरकार द्वारा वितरित की जा रही राहत राशि बैंक में न आने से किसान को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि बैंक प्रबंधन उक्त किसानों को खाते की जानकारी नहीं दे रहे हैं। जिस कारण किसानों में आक्रोश बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बदरवास विकासखंड क्षेत्र मे आने बाले ग्राम खाईखेडा के संतोषसिंह यादव, रघुराजसिंह यादव, राजेंद्र यादव ग्राम वारौद, अमलसिंह यादव ग्राम दौलतपुर, बुंदेल सिंह यादव ग्राम अलाऔदी, आदि ने बताया कि वह पिछले एक माह से मुआवजा राशि के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। जहां तक कि बैंक प्रबंधन भी उनका सहयोग नहीं कर रहा है और उक्त मुआवजा राशि के बारे में बैंक से जब वह जानकारी लेते हैं तो वह उन्हें हड़काकर भगा देते हैं।

इसके बाद किसान पटवारियों के पास पहुंचते हैं तो वह उनसे शीघ्र मुआवजा उनके खाते में आने की बात कहकर पैसा ऐंठ रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसान दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। यहां तक कि कुछ किसानों की स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि वह भुखमरी की कगार पर आ गए हैं।