धर्मेन्द्र, गजेन्द्र और शैलेन्द्र बने अभिभाषक संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव

शिवपुरी। जिला अभिभाषक संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में अध्यक्ष पद पर जहां धर्मेन्द्र शर्मा निर्वाचित हुए वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांटे के संघर्ष में गजेन्द्र सिंह यादव विजयी रहे। सचिव के महत्वपूर्ण पद पर शैलेन्द्र समाधिया का निर्वाचन हुआ।

जबकि सहसचिव बनने का गौरव निखिल सक्सेना को मिला और कोषाध्यक्ष पद पर अखिलेश महादुले निर्वाचित हुए। जिला अभिभाषक संघ के चुनाव निर्वाचन अधिकारी विनोद धाकड़ और सहायक निर्वाचन अधिकारी कैलाश शर्मा की देखरेख में संपन्न हुए। 

अभिभाषक पद के चुनाव में कल मतदान सुबह 10:30 बजे न्यायालय परिसर में प्रारंभ हुआ। अभिभाषक संघ के 385 सदस्यों को मताधिकार का मौका मिला। मतदान शाम 4:30 बजे तक चला और इसके बाद शाम 6 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई तथा रात्रि 9 बजे तक सभी पदों के परिणाम सामने आ गए। अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय संघर्ष में विजयश्री का वरण धर्मेन्द्र शर्मा ने किया। धर्मेन्द्र शर्मा को 170 मत मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जेपी शर्मा 111 मत ही प्राप्त कर पाए। जबकि शिवनारायण वर्मा ने 75 मत प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

धर्मेन्द्र शर्मा दूसरी बार अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए हैं और उन्हें निवर्तमान अध्यक्ष स्वरूपनारायण भान का खुला समर्थन हासिल हुआ। उपाध्यक्ष पद पर काफी जोरदार संघर्ष देखने को मिला। कांटे के संघर्ष में गजेन्द्र यादव ने महज तीन मतों से जीत हासिल की। उन्हें जहां 133 मत प्राप्त हुए। वहीं कु. शैला अग्रवाल ने भरसक प्रयास के बाद 130 मत प्राप्त किए। पुरूषोत्तम शर्मा ने 82 मत हांसिल किए। सचिव पद पर शैलेन्द्र समाधिया ने 13 मतों से जीत हांसिल की। उन्हें 164, जितेन्द्र सिकरवार को 151 तथा जयपाल सिंह को 31 मत हासिल हुए। कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए चतुष्कोणीय संघर्ष में जीत अखिलेश महादुले को मिली।

उन्होंने 140 मत प्राप्त किए। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भरत ओझा को 117, शिवकुमार उपाध्याय को 53 तथा जनवेद दोहरे को 37 मत मिले। संयुक्त सचिव पद पर निखिल सक्सेना ने 189 मत प्राप्त कर 31 मतों से विजय प्राप्त की। उन्हें उनके प्रतिद्वंद्वी शैलेन्द्र रावत को 158 मत प्राप्त हुए। विजयी पदाधिकारियों को पूर्व अध्यक्ष स्वरूपनारायण भान, विजय तिवारी, राजेन्द्र निगम, जगदीश प्रसाद शर्मा, लक्ष्मीनारायण धाकड़, संजीव बिलगैयां, संजय शर्मा,प्रशांत श्रीवास्तव आदि ने बधाईयां दी हैं।