पत्नी ने लिखाई पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताडऩा की रिपोर्ट

शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र में कल्लन शॉप फेक्ट्री के पास रहने वाली एक पीडि़त महिला ने कोटा राजस्थान में रहने वाले अपने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त किए जाने को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिस पर देहात थाना पुलिस ने धारा 498 ए, 506, 34 का शून्य  पर कायमी कर मामले को कोटा ट्रांसफर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2011 में कल्लन शॉप फेक्ट्री के पास रहने वाली रेशमा का विवाह कोटा के किशोरपुरा ईदगाह पुलिस चौकी के पास रहने वाले अकबर के साथ हुआ था। विवाह के  कुछ समय तक तो रेशमा को ठीक ढंग से रखा, लेकिन इसके बाद आरोपियों के मन में दहेज का लोभ पैदा हो गया और वह उससे दहेज में मायके से रूपये लाने के लिए दबाव बनाने लगे।

यह सिलसिला पिछले एक वर्ष से लगातार चल रहा था और आरोपी पति अकबर, जेठ अनवर, ससुर अब्दुल हामीर और सास सईदी बानो उसके साथ मारपीट भी करते थे। जिससे परेशान होकर पीडि़ता अपने मायके वापिस लौट आई और कई बार आरोपियों से सुलह के लिए संपर्क किया, लेकिन आरोपी बिना दहेज लिए सुलह करने को तैयार नहीं थे। इसके बाद पीडि़ता ने थाने पहुंचकर आरोपियों पर मामला दर्ज करा दिया।