खाना ना बनने पर बहू को घर से निकाला, ससुरालियों पर मामला दर्ज

शिवपुरी। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में बहू प्रताडऩा का एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है। ससुराली पक्ष ने अपनी बहू छोटी उर्फ ज्ञानवती कुशवाह को घर से महज इसलिए कई बार निकाल दिया, क्योंकि वह खाना नहीं बनाना जानती थी।
उसकी पति, सास, ससुर और जेठानी द्वारा कई बार मारपीट भी की गई। परेशान होकर छोटी उर्फ ज्ञानवती ने अपने पिता के साथ नरवर थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में पीडि़ता ज्ञानवती की रिपोर्ट पर से सास, ससुर, पति और जेठानी के खिलाफ 498 ए, 323, 34 आईपीसी के तहत प्रकरण कायम कर लिया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानवती का विवाह दो साल पूर्व किशनपुर गांव में वीरू कुशवाह के साथ हुआ था। ससुराल आने के बाद पहले दिन जब सास विद्यादेवी और जेठानी सुमन ने नई नवेली बहू को रसोई घर में प्रवेश कराकर उसे खाना पकाने के लिए कहा तो ज्ञानवती उनकी इच्छानुसार खाना नहीं पका सकी। जिस पर सास और जेठानी ने उसको ताने देने शुरू कर दिए। इसके बाद ज्ञानवती के हाथ का खाना उसके ससुर दामोदर और पति वीरू ने खाया तो उन्होंने ने भी उसे ताने देना शुरू कर दिया। लेकिन ज्ञानवती ने उसे नजरअंदाज कर दिया, लेकिन आरोपी उसे रोज-रोज ताने देने लगे। 

यहां तक की उन्होंने उसकी पिटाई भी लगानी शुरू कर दी और उसे कई बार घर से भी भगा दिया। लेकिन ज्ञानवती के पिता हर बार उसे ससुराल ले जाते और सभी के बीच सुलह कराकर अपनी पुत्री को वहां छोड़ आते। इसके कुछ दिनों तक तो आरोपी उसे ठीक ढंग से रखते, लेकिन उसके बाद वह उसे फिर प्रताडि़त करते। यह क्रम पिछले दो वर्षों से लगातार चला आ रहा था। विगत 2 जून को सभी आरोपियों ने ज्ञानवती की बुरी तरह मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। बाद में वह अपने पिता के घर बांसगढ पहुंची। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।