शिवपुरी कलेक्टर का नाम तबादला सूची में

उपदेश अवस्थी/भोपाल। शिवपुरी कलेक्टर रविकांत जैन का नाम मध्यप्रदेश के आईएएस अफसरों की संभावित तबादला सूची में शामिल हो गया है। 15 जून के बाद घोषित होने वाली ट्रांसफर लिस्ट में उनका नाम घोषित किया जा सकता है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्य सचिव टोनी जेसी डिसा के बीच इस संदर्भ में कई मीटिंग हो चुकीं हैं एवं लिस्ट लगभग फाइनल हो गई है। अब तो केवल यह तय करना शेष रह गया है कि ​किस आईएएस अफसर को मनचाहा जिला देना है और किसे लूपलाइन।

इस बार आईएएस अफसरों का ट्रांसफर कई तरह की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। उनका रुतबा बढ़ेगा या वो लूपलाइन में जाएंगे यह भी इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर तय किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को बदलने के लिए तीन प्रकार की सूची बनाने को कहा है। पहली सूची में पांच साल से लगातार कलेक्टरी कर रहे अफसर, दूसरी में एक जिले में दो साल से अधिक समय से पदस्थ अफसर और तीसरी सूची में उन कलेक्टरों के नाम शामिल करने को कहा है, जिन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, समग्र सुरक्षा अभियान जैसी हितग्राही मूलक योजनाओं में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि जिन कलेक्टरों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर काम किया है, उनसे उनके पसंद वाले जिलों के विकल्प मांगे जाएं। उन्होंने प्रमोटी आईएएस को भी उनकी कार्यक्षमता के अनुसार जिले में पदस्थ करने की बात भी कही है।