भाजपा के भोज में शामिल हुए भाजपा से निष्कासित गद्दार नेता

शिवपुरी। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी अनुशासनहीनता के आरोप में 6 साल के लिए भाजपा से भले ही प्रदेश भाजपा ने पार्टी के नगर महामंत्री भरत अग्रवाल को भले ही निष्कासित कर दिया हो, लेकिन नगर भाजपा उन्हें निष्कासित नहीं मानती।

यही कारण रहा कि कल भाजपा नगर मण्डल द्वारा प्रदेश में भाजपा की हेट्रिक बनने के उपलक्ष्य में आयोजित भोज में निमंत्रण मिलने के कारण भरत अग्रवाल पहुंचे, लेकिन भोज में अधिकांश भाजपा नेताओं ने उनसे दूरियां बनाईं। बाद में श्री अग्रवाल ने भाजपा में उपेक्षित चल रहे विष्णु जैमिनी के साथ भोज का आनंद लिया। श्री अग्रवाल और श्री जैमिनी घुर यशोधरा विरोधी माने जाते हैं।

विदित हो कि शिवपुरी विधानसभा चुनाव में भरत अग्रवाल पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगा था। पार्टी के प्रचार से उन्होंने दूरी बनाकर रखी थी। यही कारण रहा कि परिणाम निकलने के पूर्व ही प्रदेश भाजपा ने भरत अग्रवाल को निष्कासित कर दिया। शिवपुरी जिले में अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा से अभी तक भरत अग्रवाल का ही निष्कासन हुआ है, लेकिन कल नगर भाजपा मण्डल द्वारा आयोजित भोज में भरत अग्रवाल अपनी चिर परिचित मुद्रा में नजर आए और उन्होंने पत्रकारों से कहा कि 'कैसे कहा जा सकता है कि मैं भाजपा  से अलग हूं। यही नहीं श्री अग्रवाल बाद में यातायात महोत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह में पोहरी विधायक प्रहलाद भारती के साथ पहुंचे।'

'आप'ने मुझे लोकसभा चुनाव लड़ाना चाहती है: भरत अग्रवाल

भरत अग्रवाल ने चर्चा में कहा कि उनके लिए सभी दरबाजे खुले हैं। हालांकि उनकी पहली प्राथमिकता भाजपा है, लेकिन यदि भाजपा ने उनका निष्कासन समाप्त नहीं किया तो वह दूसरे विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी से भी उन्हें आमंत्रण मिला है और आप उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ाना चाहती है। श्री अग्रवाल के अनुसार दिल्ली के मु यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उनसे दो बार मोबाइल पर बातचीत कर चुके हैं। कांग्रेस की ओर से भी उन्हें पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव आया है।

इनका कहना है:-
भरत अग्रवाल को मैंने निजी हैसियत में भोज में आमंत्रित किया है। इस भोज में मेरे कई मित्र भी हैं जो अराजनैतिक हैं। भाजपा नेता की हैसियत से उन्हें नहीं बुलाया गया है। इसमें पार्टी की तौहीन करने और अनुशासनहीनता की बात कुछ नहीं है।
ओमप्रकाश जैन ओमी
भाजपा नगर अध्यक्ष शिवपुरी