शिवपुरी के फरार डाकू ने की भोपाल में पुलिस पार्टी पर फायरिंग

भोपाल। राजधानी के चार थानों की पुलिस को 5 घंटे तक झकाने और पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाला जीप सवार कोई आम बदमाश नहीं बल्कि शिवपुरी का कुख्यात डाकू था।

डाकू श्याम सिंह के खिलाफ शिवपुरी थाने में डकैती का मामला दर्ज है। साल 2010 में यह मामला दर्ज हुआ था। पुलिस सरगर्मी से श्याम सिंह की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि श्याम सिंह की गिरफ्तार के बाद और भी डकैतियों का खुलासा हो सकता है। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि श्याम सिंह की पत्नी मायके में रहती है।

बदमाश ने सोमवार को जिस वाहन (महेंद्रा की पिक वेन क्रमांक एमपी 04 जी ए 6582) से भागने की कोशिश की थी, वो उसने अपने ससुर वृंदावन सिंह के नाम पर फायनेंस कराया था। पुलिस को यह भी शक है कि श्याम सिंह मिसरोद में किसी वारदात को अंजाम देने के मकसद से घूम रहा था।

यह था मामला :

सोमवार अल सुबह करीब चार बजे मिसरोद थाना क्षेत्र से गुजर रही महेंद्रा की पिक अप वेन (क्रमांक एमपी 04 जी ए 6528) को पुलिस ने रोकना की कोशिश की, लेकिन वेन रुकने के बजाए वाहनों को टक्कर मारती हुई भाग निकली थी। उसका पीछा करते हुए पुलिस ने वेन को कोलार थाना क्षेत्र में मंदाकिनी के सामने टक्कर मारकर रोक लिया था। इसमें वेन खंबे से टकरा कर पलट गई थी। जबकि वेन चला रहा बदमाश पुलिस के जवान एसआई श्रीपाल सिंह और नव आरक्षक राजकुमार पर फायर कर फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने वेन के मालिक वृंदावन सिंह को हिरासत में ले लिया था। उसने पूछताछ में वेन उसके दामाद श्याम सिंह द्वारा चलाने की बात कबूल की थी।