नगरपालिका के निराश समाजसेवी संस्थाओं ने शुरू किया सफाई अभियान

शिवपुरी। शहर में नगरपालिका की निष्क्रियता के कारण गंदगी और अव्यवस्थाओं ने अपने पैर पसार रखे हैं और इन समस्याओं से नागरिक इतने परेशान हैं कि आए दिन वह नगरपालिका के अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की शिकायत करके थक चुके हैं।

ऐसी स्थिति में नागरिकों को अब नगरपालिका से विश्वास उठ गय है, लेकिन आज से शहर की समाजसेवी संस्था पब्लिक पार्लियामेंट ने इन तरह की समस्याओं को शहर से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है और आज पहले दिन करौंदी कॉलोनी में आदिवासी बस्ती में लोगों के घरों के आगे भरे हुए पानी को रोकने के लिए सोखते गड्ढे खोदे गए। साथ ही इस कॉलोनी में पिछले काफी समय से सड़क न होने के कारण पानी सड़कों पर भरा हुआ था। जिसे पब्लिक पार्लियामेंट के सदस्य मिट्टी डालकर बंद करने में लगे हुए हैं।

पब्लिक पार्लियामेंट के सदस्य अतुल शर्मा, उमेश शर्मा और प्रमोद मिश्रा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि शहर के 39 वार्डों में गंदगी और पानी भराब की समस्या बढ़ती चली जा रही है और ऐसी स्थिति में नागरिक इतने परेशान हैं कि उनकी सुनने वाला कोई नहीं है और नगरपालिका इन समस्याओं को दूर करने के लिए तत्पर नहीं दिख रहीं। जिस कारण हमारी संस्था ने शहर की गंदगी साफ करने का जिम्मा उठाया है और आज से हमारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और जब तक शहर की समस्याएं खत्म नहीं हो जातीं तब तक हम प्रयास करते रहेंगे। 

उन्होंने नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को चेताया है कि अगर वह शहर की अव्यवस्थाओं को खत्म नहीं कर सकते तो वह अपने पदों से इस्तीफा दे दें। उन्होंने बताया कि करौंदी कॉलोनी में पिछले कई वर्षों से सड़क और नाली न होने के कारण घरों का गंदा पानी बीच सड़क पर फैला रहता है। जिससेकई बीमारियां फैल रही हैं और गंदगी इतनी है कि लोगों का जीना दूभर हो गया है। 

ऐसी स्थिति में हमारी संस्था ने पूरे शहर की गंदगी साफ  करने और नगरपालिका को सबक सिखाने का बीड़ा उठाया है और आज से अपने अभियान की शुरूआत की है। अभियान में प्रथम दिन मधुसूदन चौबे, महेन्द्र रावत, अतुल शर्मा, उमेश शर्मा, प्रमोद मिश्रा, डॉ. अतुल भार्गव, रंजीता देशपाण्डे, महेश शर्मा, बंटी गोस्वामी, सौमित्र तिवारी, आदित्य राठौर, शिवा पाराशर सहित अनेकों कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया।