कोहरे की चादर से ढका शहर, शीत लहर का कहर शुरू

शिवपुरी। पिछले काफी समय से मौसम में गर्मी और ठण्ड के मेलजोल के कारण  जहां मौसमी बीमारियों ने अपने पैर पसारना शुरू कर दिए थे। वहीं कल से मौसम ने करवट ली और रातभर पूरा शहर कोहरे की चादर से ढका हुआ नजर आया। यही स्थिति सुबह की रही।
जहां 11 बजे तक सूरज को दर्शन तक नहीं हुए और ठण्डी-ठण्डी हवा के बीच कोहरे का असर दिखता रहा। ठण्ड के कारण जगह-जगह अलाव जलते नजर आए। वहीं कोहरे के बीच छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते देखे गए। आज सुबह का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेंटीग्रेट और अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक रहा। 

    विदित हो कि सर्दियों के शुरू होने के बावजूद भी शिवपुरी शहर इससे अछूता था और सुबह शाम की हल्की ठण्डक और दिनभर गर्मी होने के कारण बीमारियों ने भी लोगों को जकडऩा शुरू कर दिया था, लेकिन कल से मौसम ने अपना रूख बदला और ठण्ड का प्रकोप शुरू हो गया। रात में जहां कोहरे ने शहर को ढक लिया। वहीं आज सुबह भी कोहरे का असर देखा गया। सुबह से ही सूर्य के दर्शन नहीं हो सके थे। वहीं शहर के प्रमुख जगहों पर लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आए।

 सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को हुई जो सुबह-सुबह घनघोर कोहरे के बीच स्कूल जाने के लिए सड़कों पर देखे गए। शहर में अब ठण्ड का प्रकोप प्रतिदिन बढ़ता ही जाएगा और इसका असर शुरू हो गया है। अब लोग ठण्ड से बचने के उपाय करने में जुट गए हैं और जिन लोगों ने गर्म कपड़े नहीं निकाले थे उन्होंने भी अपने गर्म कपड़ों को निकाल लिया।