नगरपालिका की दुकानों में चल रहा जुआघर पकड़ा गया

शिवपुरी। पुलिस ने नगरपालिका की दुकानों में चल रहे एक जुआघर को पकड़ा है। यहां से आधा दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।

देहात थाना क्षेत्र के पुरानी शिवपुरी में सुभाष पार्क के सामने स्थित नगरपालिका की दुकानों को लोगों ने जुए का अड्डा बना लिया है। यहां से कल पुलिस ने 6 जुआरियों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया था। जिनके पास से 1480 रूपये नगदी भी बरामद किए। पुलिस ने सभी जुआरियों के विरूद्ध 13 जुआ एक्ट के विरूद्ध कायमी कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल दोपहर डेढ़ बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नीलगर चौराहे पर स्थित सुभाष पार्क के सामने नगरपालिका द्वारा बनाई गईं दुकानों में बड़े स्तर पर जुआ चल रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर देखा। वहां अरविंद पुत्र छोटेलाल रजक, राजेश पुत्र परमाल सिंह सिकरवार, अशोक पुत्र मदनलाल ओझा, पुरूषोत्तम पुत्र रामस्वरूप अग्रवाल, महेश पुत्र मांगीलाल नामदेव, मुकेश पुत्र बाबूलाल यादव जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देखकर सभी जुआरियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन भाग नहीं सके और पुलिस ने सभी जुआरियों को पकड़ लिया।

लेकिन कार्रवाई यहीं पूरी नहीं होती बल्कि यहां से शुरू होती है। अब देखना यह है कि क्या नगरपालिका प्रशासन उस दुकान का आवंटन रद्द करेगा जिसमें जुआघर चल रहा था।