भारत विकास परिषद ने किया 50 पौधों का रोपण

शिवपुरी। मनुष्य के जीवन से कहीं बढ़कर पेड़ पौधों का जीवन जरूरी है। क्योंकि यदि भूमि पर पेड़ पौधे नहीं होंगे तो मानव का जीवन भी संभव नहीं है। इसलिए हमें अपनी सुरक्षा से पहले पेड़ पौधों की सुरक्षा करना चाहिये।
यह बात भारत विकास परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री अनिल कुमार अग्रवाल ने भारत विकास परिषद की स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में अपने पर्यावरण प्रकल्प अन्तर्गत शनिवार को पौध रोपण कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम का आयोजन गोयल कृषि फार्म बालाजी मंदिर के पास ए बी रोड पर किया गया था जहां शाखा द्वारा विभिन्न प्रजातियों के 50 पौधों का रोपण किया गया।

पौधरोपण कार्य का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक एवं शाखा कोषाध्यक्ष सुशील गोयल द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस मौके पर उपस्थित सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण एवं उसकी उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। उन्होंने कहा कि पौध रोपण के उपरान्त हमें पौधों की रोपणी तैयार करना, पेड़ों की निराई गुड़ाई करना, उन्हें जानवरों से बचाने के लिए सुरक्षित करना, गर्मी के मौसम में उन्हें पानी देना आदि भी ध्यान में रखना चाहिये। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्य को योजनाबद्ध तरीके से करना चाहिये। इस अवसर पर शाखा के अध्यक्ष एडवोकेट नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष सुशील गोयल, वरिष्ठ सदस्य सुरेश कुमार बंसल, राजकुमार मंगल, अनिल कुमार अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, निर्मल गोयल सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित थे।