एसपी साहब की मेहनत रंग ला रही, सुधर रही यातायात व्यवस्था

शिवपुरी। पदभार संभालते ही एसपी महेन्द्र सिंह सिकरवार ने सबसे पहले जिले की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने का जिम्मा संभाला है। उनकी रूचि के अनुरूप यातायात महकमा लगभग पूरे जिले में अभियान को संचालित किए हुए है।
खासतौर पर शिवपुरी में यह अभियान गति पकड़ रहा है और अब इस अभियान में खास बात यह है कि नगर के नागरिकों का भी सहयोग मिलने लगा है। जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को अधिक दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा है और शहर की सड़कें चौड़ी नजर आने लगी हैं। इसके अलावा सभी ब्लॉकों में भी यातायात सुधार का पुलिसिया अभियान जारी है।

विदित हो कि शिवपुरी सहित करैरा, कोलारस और बदरवास में यातायात व्यवस्था इतनी बदहाल थी कि लोगों का सड़कों पर निकला दूभर हो जाता था और आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसे ठीक करने में पुलिस प्रशासन ने लंबे समय से कोई रूचि नहीं दिखाई और पुलिस अधिकारियों में संकल्प शक्ति का अभाव भी रहा। जिसके कारण यातायात व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बिगड़ती चली गई। बढ़ते कब्जे, धड़ाधड़़ अतिक्रमण और सिविक सेंस के अभाव में स्थिति गंभीर से गंभीर होती चली गई। सूत्र बताते हैं कि खराब यातायात व्यवस्था के कारण दुर्घटनाओं की संख्या में भी वृद्धि हुई, लेकिन नए एसपी महेन्द्र सिंह सिकरवार ने आते ही यातायात व्यवस्था को ठीक करना अपनी प्राथमिकता में शामिल किया।

 लेकिन शुरू में अधीनस्थ पुलिसकर्मी उनकी भावनाओं को समझ नहीं पाए और हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने अपने काम को अंजाम देना शुरू किया। इसका परिणाम यह हुआ कि एक दिन कब्जे हटते और दूसरे दिन स्थिति फिर वही निर्मित हो जाती। मीडिया में आलोचना के बाद पुलिस प्रशासन सख्त हुआ। जनता को भी विश्वास में लिया गया। इसके अच्छे परिणाम दृष्टिगोचर हुए। शहर का नक्शा बदला हुआ नजर आने लगा। दुकानों के सामने रखे सामान को जब पुलिस ने जप्त करना शुरू किया तो स्थिति सुधरना शुरू हो गई। जहां कहीं भी यह अभियान शुरू हुआ वहां के हालात बदले हुए नजर आ रहे है। ,

कोर्ट रोड पर चलेगा शीघ्र अभियान

शहर का व्यस्ततम मार्ग कोर्ट रोड है, लेकिन यहां तक अभी यातायात सुधार अभियान नहीं पहुंचा है। जिससे बदहाल स्थिति कोर्ट रोड पर बनी हुई है। यहां हार्डवेयर दुकान संचालक, कपड़े विक्रेताओं सहित इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की दुकानों के आगे सामान रख लिया जाता है और आने वाले ग्राहकों के वाहन भी दुकानों के आगे लगा दिए जाते हैं। जिससे आधी सड़क तो इन्हीं से घिर जाती है और आधी सड़क टेक्सी और ठेले वाले घेर लेते हैं। जिस कारण यातायात अवरूद्ध हो जाता है और जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। नागरिकों ने नए एसपी से आशा की  है कि वह शीघ्र ही कोर्ट रोड पर इस अभियान को चलाएं जिससे होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।

बदहाल स्थिति को पटरी पर लाने प्रयासरत है एसपी

एसपी महेन्द्र सिंह सकरवार का कहना है कि हम शीघ्र ही शहर की बदहाल स्थिति को पटरी पर लाकर खड़ा कर देंगे और शहर की सबसे बड़ी समस्या बनी यातायात अव्यवस्था को सुधार कर ही दम लेंगे। यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने के बाद सिग्रलों का भी संचालन सुचारू रूप से किया जाएगा। जिसके लिए टे्रफिककर्मियों को भी ट्रेनिंग दी जाएगी और शहर के बड़े चौराहों पर भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। जिससे यातायात का स्तर सुधरेगा और दुर्घटनाओं की आशंकाएं भी कम हो जाएंगी।

ट्रेफ्कि सिंग्रलों का भी जल्द होगा सुचारू संचालन

शहर की यातायात व्यवस्था तो पुलिस सुधारने में लगी है और ट्रेफिक सिग्रलों का भी सही ढंग से संचालन करने के लिए पुलिस योजना बना रही है। लेकिन इन समस्याओं के साथ एक समस्या भारी वाहनों के प्रवेश की है। नागरिकों का कहना है कि इस ओर भी एसपी श्री सिकरवार को अपना ध्यान केन्द्रित करना चाहिए। हालांकि रात्रि के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर कई बार रोक लगी, लेकिन पुलिस के ढिलमुल रवैये के कारण यह रोक ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी और रात्रि के समय वाहनों का प्रवेश धड़ल्ले से जारी है। जबकि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश से कई लोग काल के गाल में भी समा चुके हैं। इसके बावजूद भी पुलिस प्रशासन नहीं चेता।