आचार्य विमर्शसागर जी महाराज का शिवपुरी प्रवेश पर हुआ जोरदार स्वागत

शिवपुरी। प्रसिद्ध दिगम्बर जैन संत आचार्य विमर्शसागर जी महाराज का आज शिवपुरी आगमन पर जोरदार स्वागत हुआ। गुना बाईपास से नगर के प्रमुख मार्गों पर अनेक स्थानों पर आचार्य श्री की आरती उतारी गई। पाद प्रक्षालन किया गया और श्रीफल भेंट किए गए। आचार्यश्री चंदेरी से पदबिहार करते हुए शिवपुरी आए हैं।

उनका स्वागत करने वालों में विधायक प्रहलाद भारती, शिवपुरी एसडीएम डीके जैन, बचनलाल जैन, राजकुमार जैन जड़ीबूटी वाले, संजीव बांझल, अजीत चौधरी, सुगनचंद चैन, प्रकाशचंद जैन, सौरभ जैन, हरिओम जैन, मनीष जैन, अमित जैन टिंक्कल, रामदयाल जैन मावा वाले सहित सैकड़ों लोग थे।

आचार्य विमर्शसागर जी महाराज शिवपुरी के लिए अपरिचित नहीं हैं। उन्होंने सन् 2007 में शिवपुरी में चातुर्मास कर धर्म की गंगा बहाई थी। उनके सानिध्य में उस समय छत्री जैन मंदिर पर भगवान शांतिनाथ की प्रतिमा की प्रतिष्ठा के मौके पर पंच कल्याणक महोत्सव का आयोजन हुआ था। 

पिछले साल भी आचार्य विमर्शसागर जी के शिवपुरी आगमन का सौभाग्य यहां की धर्मप्रेमी जनता को मिला था और उस समय उनके सानिध्य में कल्पदु्रम महामण्डल विधान का आयोजन हुआ था। शिवपुरी में राजकुमार जैन जड़ीबूटी वाले 11 से 19 अप्रैल तक श्री सिद्धचक्र महामण्डल विधान का आयोजन छत्री जैन मंदिर पर करवा रहे हैं।

इस विधान के लिए श्री जैन ने आचार्य विमर्शसागर जी से अनुरोध किया था कि उनके सानिध्य में यह विधान संपन्न हो और इस विनती को आचार्य श्री ने स्वीकार किया। कल आचार्य श्री चंदेरी से बिहार करते हुए सेसई जैन मंदिर पर रूके थे और आज उन्होंने वहां से बिहार कर शिवपुरी में प्रवेश किया। 

गुना बाईपास पर उनकी  अगवानी के लिए अनेकों धर्मप्रेमी उपस्थित थे। इसके बाद नगर के प्रमुख मार्गों से आचार्य श्री की शोभायात्रा निकाली गई। जिसका समापन छत्री जैन मंदिर पर हुआ जहां आचार्य विमर्शसागर जी ने धर्मोपदेश देकर श्रद्धालुओं को उपकृत किया। इसके बाद उनकी आहारचर्या हुई।