ग्राम एवं नगर केंद्र भाजपा संगठन की बुनियाद: नरेन्द्र सिंह तोमर

शिवपुरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने परिणय वाटिका शिवपुरी में आयोजित भाजपा के पालक संयोजक कार्यकर्ताओं के संभागीय समागम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विचार आधारित एवं सिद्धांत आधारित राजनैतिक दल है। ग्राम केंद्र और नगर केंद्र हमारी पार्टी की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम केंद्र, नगर केंद्र सशक्तिकरण हमारे लिए चुनावी संरचना का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे लिए स्थायी संरचना का विषय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं से ग्राम एवं नगर केन्द्रों को सशक्त एवं प्रभावी बनाने का आव्हान करते हुए कहा कि ग्राम केंद्र, नगर केंद्र पर हमारा पार्टी का जो कार्यकर्ता बैठता है, वह पार्टी के या सत्ता के किसी भी शीर्ष पदाधिकारी से ज्यादा वन्दनीय होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वे स्वयं भी किसी न किसी ग्राम केंद्र के पालक के रूप में ग्राम केंद्र के सुद्रढीकरण एवं संगठन के विस्तार का कार्य करेंगें। श्री तोमर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में काम कर रही भाजपा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश के 7 करोड़ लोगों में हर ओर से एक ही आवाज आ रही है कि प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। यह वातावरण हमें अनुकूलता एवं आत्मबल प्रदान करता है, परन्तु हमें प्रत्येक मतदान केंद्र को मजबूत बनाने के कार्य पर अब पूरे मनोयोग के साथ जुट जाना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। पार्टी ने ग्राम नगर केन्द्र की इकाईयों को मंडल की तरह संवैधानिक दर्जा देकर इन्हें सशक्त बनाने की अपेक्षा की है।

नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि नगर ग्राम केन्द्र की जवाबदेही मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश अध्यक्ष को भी संभालना पड़ेगी और कार्यकर्ता की भूमिका में उन्हें नगर ग्राम केन्द्र प्रदेश संगठन आवंटित करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के महाजनसंपर्क अभियान को सफलता के सोपान पर पहुंचाने में कार्यकर्ता का अथक परिश्रम हुआ है जिसके लिए वे बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि नगर ग्राम केन्द्रों को सषक्त बनाकर मतदान केन्द्र समितियों को सक्रियता की आवष्यकता रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस हमारे लिए कोई चुनौती नहीं है, तथापि हमें सतर्कता की आवष्यकता है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हारी थकी पार्टी है जो विश्राम ले चुकी है। जोर शोर से निकाली गयी प्रदेशव्यापी परिवर्तन यात्रा सिंगरौली से सीधी तक पहुंचकर ही विसर्जित कर दी गयी न उनके पास लक्ष्य है न एकजुटता या संगठन है। एकमात्र उनका हथियार चरित्र हनन की राजनीति है जिसका हमें आत्मबल के साथ हर स्तर पर मुकाबला करना है। तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पाटी के साथ लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की उपलब्धियां और हमारी एकजुटता से मिशन 2013 सुनिश्चित होगा। भाजपा पालक संयोजक कार्यकर्ताओं के संभागीय समागम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने कहा कि चुनाव का वास्तविक मोर्चा मतदान केन्द्र है। हर जीत का फैसला मतदाता मतदान केन्द्र पर करता है, इसलिए पार्टी के नगर केन्द्र, ग्राम केन्द्र के साथ मतदान केन्द्र संचालन समिति की जिम्मेदारी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सीमा पर तैनात प्रहरी की होती है। 

आपने ग्वालियर संभाग के नगर, ग्राम केन्द्र मतदान केन्द्र पालक संयोजकों, जिला पदाधिकारियों से आग्रह किया कि नगर ग्राम केन्द्रों को हर पखवाड़े में एक बार और मतदान केन्द्र समिति की हर माह एक बैठक कर मतदान केन्द्र परिदृश्य का गंभीरतापूर्वक बदलता स्वरूप समझें और उसे अपने अनुकूल बनाने के काम में जुट जाए। भाजपा के इस संभागीय समागम में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, पूर्व मंत्री एवं एमपी.हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमेन रामपाल सिंह, भाजपा संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी, शिवपुरी-श्योपुर संगठन मंत्री श्याम महाजन, श्योपुर जिलाध्यक्ष महावीर सिसौदिया, गुना जिलाध्यक्ष हरी सिंह यादव, अशोकनगर जिलाध्यक्ष भानू रघुवंशी, ग्वालियर ग्रामीण जिलाध्यक्ष भारत सिंह कुशवाह एवं ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, श्योपुर, शिवपुरी जिलों से आये ग्राम केंद्र पालक एवं संयोजक कार्यकर्ता उपस्थित थे।