मण्डी उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस में नहीं बनी सहमति

शिवपुरी/ कृषि मण्डी शिवपुरी के उपाध्यक्ष पद का चुनाव 7 जनवरी को होगा। उपाध्यक्ष पद हेतु प्रत्याशी चुनने के लिए कांग्रेस द्वारा बुलाई गई बैठक में कोई सहमति नहीं बनी। कांग्रेस नेताओं में स्पष्ट रूप से मतभेद सामने आए। मण्डी संचालक चुने गए सिरनाम सिंह रावत अपनी व्यस्तताओं के कारण इस बैठक में शामिल नहीं हो पाए। वहीं चुनाव पैसों से लड़ा जाए अथवा न लड़ा जाए इस पर भी विरोधाभाषी स्वर रहे। 

बताया जाता है कि उपाध्यक्ष पद हेतु पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने अपने निवास स्थान पर बैठक आहुत की थी। इस बैठक में बताया गया कि कम से कम 6 संचालक कांग्रेस के  जीतकर आए हैं। इनमें वीरेन्द्र शर्मा, श्रीमती लक्ष्मीदेवी गुर्जर, सिरनाम सिंह रावत, इब्राहिम खान, पूरन रावत और एक जाटव महिला संचालक शामिल है। 

बैठक में मौजूद शिवपुरी ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भरत रावत के अलावा कांग्रेस नेता अवतार सिंह गुर्जर, विनोद धाकड़ एडवोकेट, सांसद प्रतिनिधि अन्नी शर्मा सहित पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि ऐसी स्थिति में कांग्रेस प्रत्याशी जीतने की संभावना बहुत उज्जवल है। लेकिन चुनाव कैसे जीता जाए। इस पर बैठक में मतभेद गहरा गए। सूत्र बताते हैं कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्ताव रखा कि पांच-पांच लाख रूपये में एक-एक संचालक को मैनेज किया जाए। 

इसका विरोध अवतार गुर्जर और विनोद धाकड़ ने संयुक्त रूप से किया। उनका कहना था कि पार्टी हमारी मां है और पार्टी उम्मीदवार को वोट देने के लिए कौन पैसे लेगा? हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि एकाध वोट की कमी होती है तो उसे मैनेज करने के लिए अवश्य पैसा खर्च किया जाए। लेकिन उसका भार भी प्रत्याशी पर न डालते हुए आपस में चंदा कर एकत्रित किया जाए। लेकिन कतिपय नेता अपनी बात पर अड़े रहे और उनका कहना था कि बिना पैसों से कुछ नहीं होता। दूसरी दिक्कत यह आई कि चुने गए संचालक सिरनाम सिंह रावत बुलावे के बाद भी बैठक में नहीं आए। इस पर बिना किसी निष्कर्ष के बैठक समाप्त हो गई।

कांग्रेस में उपाध्यक्ष पद के अनेक दावेदार 


कांग्रेस समर्थित संचालकों की संख्या भले ही 6 हो, लेकिन इनमें से 4 ने उपाध्यक्ष का चुनाव लडऩे में उत्सुकता दिखाई है। इनमें शामिल हैं वीरेन्द्र शर्मा, श्रीमती लक्ष्मीदेवी, सिरनाम सिंह रावत।