जिलाध्यक्ष की कब होगी घोषणा?

शिवपुरी-भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा का मामला क्यों लटका पड़ा है इसको लेकर कार्यकर्ताओं के बीच लगातार जिज्ञासाऐं बढ़ रही है। बीते दिनों भोपाल में नए प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के बनने के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि कुछ ही दिनों में शिवपुरी के नए भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।

मगर घोषणा अभी तक लटकी पड़ी है। भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर नए दायित्व के बाद पहली बार अपने गृह जिले ग्वालियर में 27 दिसम्बर को आ रहे हैं। इस दौरान ग्वालियर में उनका जोरदार स्वागत रखा गया है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि ग्वालियर का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद भोपाल पहुंचने पर शिवपुरी के नए भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।

सूत्र बताते हैं कि शिवपुरी के अलावा एक दर्जन जिले और भी शामिल है यहां पर भाजपा के जिलाध्यक्ष का मामला लटका पड़ा है। भोपाल से जुड़े सूत्रों ने खबर दी है कि नए वर्ष के प्रथम सप्ताह में सभी भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषण हो जाएगी जिन जिलों में रायशुमारी के बीच एक राय ना बन पाने के कारण नाम लटक गए थे। शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन का मामला लटकने के कारण यहां के भाजपा कार्यकर्ताओं में अधिक उत्सुकता देखी जा रही है। 

एक जमीनी कार्यकर्ता ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि जब से जिलाध्यक्ष चयन का मामला लटका पड़ा है तब से पार्टी की गतिविधियां भी ठप्प सी है और फौरी तौर पर काम निपटाए जा रहे है। भाजपा के एक पार्षद का कहना है कि प्रदेश नेतृत्व को जल्द से जल्द जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा कर देनी चाहिए। जिससे पार्टी की गतिविधियां पटरी पर आ सके।
 

नया वर्ष होगा यादगार


पार्टी सूत्रों ने बताया है कि रणवीर रावत का नाम शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे है। आगामी जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में नए नाम की घोषणा हो जाएगी। नए वर्ष की शुरूआत में ही नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी। इसलिए जिस व्यक्ति के नाम की घोषणा होगी उसके लिए आने वाला 2013 का वर्ष काफी यादगार रहने वाला है। सत्ताधारी दल के जिलाध्यक्ष के रूप में ताजपोशी साथ ही नवम्बर 2013 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी भी मिलेगी।
 

विमलेश गोयल का नाम भी चर्चा में


भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन के बीच रणवीर रावत, ओमप्रकाश खटीक, ओमी गुरू, अशोक खण्डेलवाल जैसे नाम ही अभी तक चर्चा में थे मगर अब यशोधरा गुट से विमलेश गोयल का नाम एकाएक नए तौर पर चलाया गया है। सूत्रों ने बताया है कि स्थानीय कुछ यशोधरा समर्थकों ने विमलेश गोयल का नाम जिलाध्यक्ष के लिए चलाया है। बीते कुछ दिनों से विमलेश गोयल को शिवपुरी में सक्रिय भी देखा जा रहा है। खबर है कि विमलेश गोयल पिछले कई दिनों से शिवपुरी के अलावा भोपाल में भाजपा की राजनीति में संलिप्त है। भोपाल में विमलेश गोयल के कुछ वरिष्ठ भाजपा नेताओं और संघ पदाधिकारियों से अच्छे ताल्लुकात है। विमलेश गोयल को यशोधरा गुट का भाजपा नेता माना जाता है। इसलिए उनके नाम को यशोधरा खेमे ने ही हवा दी है।