प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव पर सबकी निगाहें

शिवपुरी- भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष कौन बनेगा? इसको लेकर शिवपुरी के भाजपा कार्यकर्ताओं की दिलचस्पी कुछ ज्यादा ही देखी जा रही है। आगामी 15 व 16 दिसम्बर को भोपाल में भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव होना है। इस चुनाव को संपन्न कराने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद भोपाल आ रहे है। प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया की घोषणा पूर्व में ही हो चुकी है और 15 व 16 दिसम्बर को पूरी चुनावी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।

इस चुनावी प्रक्रिया पर शिवपुरी के भाजपा कार्यकर्ता टकटकी लगाकर बैठे है। पूर्व में शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष का चुनाव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच एक राय ना बन पाने के कारण अधर में लटक गया। अब शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद ही होगी। नया प्रदेशाध्यक्ष ही यह तय करेगा कि कौन शिवपुरी भाजपा का जिलाध्यक्ष होगा?

नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद शिवपुरी की राजनीति में भी नए गुटीय समीकरण उभरने के आसार है इसलिए जिले का हर छोटा बड़ा कार्यकर्ता 15 व 16 दिसम्बर को भोपाल में होने वाले नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है। हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता की नजरें इस चुनाव पर है। कार्यकर्ताओं के बीच यह प्रश्र जोर-शोर से चल रहा है कि वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा दोबारा से इस पद पर बैठते हैं कि नहीं या कोई नया व्यक्ति इस पद पर बैठेगा। वैसे जहां तक संभावना है उसके अनुसार प्रभात झा के ही पुन: प्रदेशाध्यक्ष बनने की संभावनाऐं प्रबल है।

नए समीकरण बनेंगें


प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव पर भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं की जो नजरें है उसके पीछे कई कारण है। प्रभात झा दोबारा से मप्र भाजपा की कमान संभालते हैं तो प्रभात झा और नरेन्द्र सिंह तोमर गुट एक बार फिर से शिवपुरी जिले में ताकतबर बनकर उभरेगा। वहीं दूसरी ओर शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर प्रभात झा व यशोधरा राजे सिंधिया के बीच टकराहट की खाई जो गहरी हुई है उसके और बढऩे की संभावनाऐं रहेंगी। इससे साफ अर्थ लगाया जा सकता है कि यशोधरा राजे सिंधिया गुट कमजोर होगा। इसी बात को लेकर स्थानीय हर छोटा-बड़ा कार्यकर्ता 15 व 16 दिसम्बर को प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव पर नजरें गढ़ाकर बैठा है।

विरोधियों का लग सकता है झटका


शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष के चुनाव की रायशुमारी में वर्तमान जिलाध्यक्ष रणवीर रावत का विरोध करने वाले यशोधरा राजे ङ्क्षसधिया, देवेन्द्र जैन, जितेन्द्र जैन, प्रहलाद भारती, ओमप्रकाश खटीक, माखन लाल राठौर, अशोक खण्डेलवाल, गगन खटीक आदि को प्रभात झा के नए प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद झटका लग सकता है। सूत्र बताते हैं कि प्रभात झा रणवीर रावत को शिवपुरी का पुन: भाजपा जिलाध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में थे मगर इन नेताओं द्वारा गुटबंदी करके रणवीर रावत की खिलाफत कर दी गई। इस पूरे एपीसोड में जैन बन्धुओं की भूमिका यशोधरा राजे सिंधिया समर्थकों के साथ पर्दे के पीछे से एक राय थी। यह खबर प्रभात झा और नरेन्द्र सिंह तोमर को भी है इसलिए ऐसी संभावना है कि नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद रणवीर रावत का विरोध करने वाले इन नेताओं को जोर का झटका लग सकता है।