दो साल बाद फिर मंत्री बन गए अनूप मिश्रा

भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा दो साल बाद फिर मंत्री बन गए। उन्हें शुक्रवार की शाम राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में राज्यपाल रामनरेश यादव ने शपथ दिलाई। पदोन्नत कर राज्य मंत्री से कैबिनेट मंत्री बनाए गए राजेंद्र शुक्ल, रंजना बघेल और पारस जैन ने भी मिश्रा के साथ ही शपथ ग्रहण की। शिवराज मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या 33 हो गई है।

अब भी दो और मंत्री बनाए जा सकने की गुंजाइश है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मंत्रिमंडल में अधिकतम संख्या तय है न्यूनतम नहीं। मिश्रा ने कहा कि जिस वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया था, वह खत्म हो चुकी है। न्यायालय पहले ही बरी कर चुका है, आज पार्टी ने भी बरी कर दिया। पदोन्नत मंत्रियों ने कहा कि उन्हें बेहतर काम करने का ईनाम मिला है।