युवा मोर्चा ने अटलजी की रक्षा के लिए हनुमान जी की ड्यूटी लगाई

सेन्ट्रल डेस्क
पति की दीर्घायु के लिए करवा चौथ, भाई की दीर्घायु के लिए भाईदूज, संतान की दीर्घायु की लिए संतान सप्तमी का व्रत और शेष प्राणियों की दीर्घायु के लिए भगवान विष्णु का व्रत या पीपल के वृक्ष में जल व दीपदान तो सुना था लेकिन अटल जी की दीर्घायु के लिए सुन्दरकांड... यह गजब पहली बार सुनने को मिला। दरअसल भगवान राम की रजिस्ट्री लेकर बैठी भारतीय जनता पार्टी की यूथ विंग भाजयुमो की शिवपुरी इकाई ने हनुमान जी को बीते दिनों अटलजी की आयु बढ़ाने का काम सौंप दिया। या यूं कहिए कि युवा मोर्चा ने हनुमानजी को तैनात कर दिया अटलजी की दरवाजे पर कि जब भी यमदूत आएं, उन्हें हप्प कर देना।
भगवान शिव की पुरी शिवपुरी में रामभक्त हनुमान की उपासना के पीछे अजीबोगरीब कामनाएं छिपी होतीं हैं। पिछले दिनों राजमाता सिंधिया जी की श्रृद्धांजलि स्वरूप युवामोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद जैन ने सुन्दरकांड करा डाला था। अब युवा मोर्चा के नगरअध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने अटलजी की दीर्घायु के लिए सुन्दरकांड का पाठ करा डाला। लोग कहते हैं कि सुन्दरकांड का पाठ शक्ति एवं शत्रुओं पर विजय के लिए किया जाता है, परंतु शिवपुरी का युवा मोर्चा है, जो न करे वही कम है। 

मजेदार तो यह है कि अटलजी के जन्मदिवस 25 दिसम्बर से चार दिन बाद युवा मोर्चा ने यह आयोजन किया। अब मंदिर पहुंच ही गए थे तो कम से कम भगवान से प्रार्थना ही कर लेते, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ। नेताजी ने मंदिर में प्रार्थना के बजाए भाषणबाजी शुरू कर दी। यह हम नहीं कह रहे, युवा मोर्चा का प्रेसनोट कह रहा है। 
इस प्रेसनोट के अनुसार :-
भाजयुमो के युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीब एवं पिछड़े लोगों के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की है, जिनकी प्रशंसा विश्व पटल पर हुई है। तथा राज्य प्रगति के पथ पर लगातार अग्रसर हो रहा है। प्रदेश सरकार लोगों की भावनाओं, आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही कार्य कर रही है। परन्तु केन्द्र सरकार के द्वारा द्ववेष भावना के वशीभूत होर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जिससे अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन अहार में लटका हुआ है। केन्द्र सरकार लगातार तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। अपना ध्यान देश के विकास में न लगाकर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। समाजसेवी, जनहितैषी कार्यो में लगे लोगों को परेशान करके उनके खिलाफ गलत बयानी कर रही है, जिससे देश का कीमती समय बर्बाद हो रहा है, तथा देश में अराजकता पूर्ण माहौल का निर्माण किया जा रहा है, जो देश व देशवासियों के लिए खतरना है।

अब आप ही बताइए, जन्मदिन अटलजी का, सुन्दरकांड उनकी दीर्घायु के लिए, लेकिन संबोधन में तारीफों के पुल शिवराज सिंह चौहान के बांध डाले। अटलजी का जिक्र तक नहीं किया। समझ नहीं आ रहा मुकेश सिंह जी ने यह सुन्दरकांड करके किस पर एहसान जताया है अटलजी पर या हनुमान जी पर। कुल मिलाकर नेताजी ने अखबारों में छपने के लिए कुछ ऐसा कर डाला कि यदि हनुमान जी और अटलजी को पता चल जाए तो दोनों दोबारा सन्यास ले लें।